पब्लिक स्वर,जगदलपुर। जगदलपुर में एक सनसनीखेज मामले में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के एक युवा कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब कमरे से तेज बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके का है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अतुल शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड रेंजर जितेंद्र शर्मा का बेटा था। अतुल मूल रूप से रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी था और पिछले कुछ समय से जगदलपुर में किराए के मकान में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह BPCL में कार्यरत था।
घटना का संदेह तब गहराया जब पिछले 2-3 दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था और शुक्रवार सुबह वहां से दुर्गंध आने लगी। मकान मालिक को आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां फर्श पर खून फैला हुआ था और बिस्तर पर अतुल का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में कलाई की नस काटकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारण अब भी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक के मोबाइल, कॉल डिटेल्स और व्यक्तिगत परिस्थितियों की भी जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

User 1













