पब्लिक स्वर,पटना/मधेपुरा। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शनिवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। यह घटना उस समय घटी जब तेजस्वी यादव मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। रास्ते में उनके काफिले में एक अनियंत्रित ट्रक अचानक घुस आया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में तेजस्वी यादव की गाड़ी सुरक्षित रही, लेकिन उनके काफिले में शामिल सुरक्षा वाहनों को क्षति पहुंची। इस दौरान तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
राजनीतिक हलकों में चिंता
हादसे की खबर फैलते ही राजनैतिक हलकों में चिंता की लहर दौड़ गई। राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तेजस्वी यादव की कुशलता पर राहत जताई। कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
तेजस्वी यादव सुरक्षित, जल्द की आगे की यात्रा
राजद की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तेजस्वी यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी यात्रा कुछ देर के लिए रोकी गई थी। प्राथमिक इलाज के बाद घायल सुरक्षाकर्मियों की स्थिति भी अब स्थिर बताई जा रही है।

User 1














