पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) आज दोपहर ढाई बजे कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित करेगा। राज्यभर के छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है और नतीजों को लेकर उत्सुकता चरम पर है। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cg.results.nic.in/ पर रोल नंबर दर्ज कर देख सकेंगे।
इस साल दोनों कक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए हैं, ऐसे में परिणाम का सीधा असर उनके आगे की पढ़ाई और करियर पर पड़ेगा। रिजल्ट जारी होते ही मेरिट लिस्ट, टॉपर्स और कुल पास प्रतिशत को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। साथ ही छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा तेज होने की संभावना है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार परिणाम संतुलित रह सकता है, हालांकि असली स्थिति रिजल्ट जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। हर साल की तरह इस बार भी अभिभावकों और शिक्षकों की नजर खास तौर पर टॉपर्स और प्रदर्शन के स्तर पर रहेगी।
रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक बढ़ने की संभावना है, इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे धैर्य रखें और आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें। कुल मिलाकर, आज का दिन लाखों छात्रों के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है, जो उनके शैक्षणिक भविष्य की दिशा तय करेगा।

User 1









