पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले में भारतमाला परियोजना के तहत बने मार्ग पर असुरक्षा की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा-तरदा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने चलती कार को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। इस हमले में कार सवार एक युवती की आंख में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार भारतमाला सड़क से गुजर रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन से पांच बदमाशों ने अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बड़ा पत्थर कार के शीशे को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा और युवती मेघा सिंह की आंख में जा लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उनका कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे मौके से निकल गया। इससे अन्य सवारों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और संभावित लूट की बड़ी वारदात टल गई। कार में मेघा सिंह के साथ उनके पति सुरजीत सिंह, सास विमला सिंह और बेटी निष्ठा सिंह भी मौजूद थे।
घायल मेघा सिंह को तत्काल कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक आंख में आई चोट बेहद गंभीर है, जिससे दृष्टि पर स्थायी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़िता, कोरबा सीएसपी के रीडर की रिश्तेदार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए उरगा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुलिस टीम को सघन पेट्रोलिंग और आरोपियों की जल्द पहचान के निर्देश दिए हैं।
इस बीच निजी अस्पताल प्रबंधन ने सीएसईबी चौकी पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए मेमो सौंपा है। पुलिस अब पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद भारतमाला मार्ग से गुजरने वाले लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने खासतौर पर रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

User 1










