पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा/गीदम। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज और भीम आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को नकुलनार से गीदम तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में करीब 1000 युवाओं ने हिस्सा लेकर बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
सुबह 9 बजे नकुलनार स्थित अंबेडकर चौक पर माल्यार्पण के बाद रैली की शुरुआत हुई। नीले झंडों और ‘जय भीम’ के गगनभेदी नारों के साथ निकली यह रैली दंतेवाड़ा होते हुए गीदम बस स्टैंड तक पहुंची। रैली में नकुलनार, कटेकल्याण और कुआकोंडा ब्लॉक के युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
दंतेवाड़ा पहुंचने पर बस स्टैंड चौक में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने फूल वर्षा कर रैली का जोरदार स्वागत किया। यहां शहर के अन्य युवा भी बड़ी संख्या में शामिल हो गए, जिससे रैली का काफिला और भी विशाल हो गया। दोपहर 12 बजे गीदम बस स्टैंड पहुंचकर रैली का समापन हुआ, जहां अंबेडकर प्रतिमा पर सामूहिक माल्यार्पण किया गया। इस दौरान ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ और ‘बाबा तेरा मिशन अधूरा, हम सब मिलकर करेंगे पूरा’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
रैली के आयोजकों ने बताया कि बाबासाहेब द्वारा संविधान में दी गई 5वीं अनुसूची और पेसा कानून आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा करते हैं। इसी उद्देश्य से युवाओं ने रैली निकालकर उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया।
गीदम में आयोजित सभा में वक्ताओं ने शिक्षा, जागरूकता और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। रैली के दौरान पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
उपस्थित प्रमुख लोग: संयुक्त मोर्चा दंतेवाड़ा संरक्षक सुरेश कर्मा, बल्लू भवानी, मासा कुंजाम, मोहम्मद कासिम, रविन्द्र नागवंशी, आर.एस. बंजारे, अमित नागेश, राजकुमार जायसवाल, गजलू पोडियम, नागेश जायसवाल, जितेंद्र निराला, शीतल मरकाम, एड. हरि डेगल, डीआर रात्रे, गजेन्द्र, आशा राम कर्मा, आशा देवी भवानी, सीमा मरकाम सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद।

User 1













