पत्नी को खाट में बांधकर बाइक से इलाज के लिए भटकता रहा पति, कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार



post

पब्लिक स्वर,कबीरधाम। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के नागवही गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाला समलु मरकाम अपनी बीमार पत्नी को पिछले लगभग एक साल से बेहतर इलाज दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है, लेकिन गरीबी और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते उसे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालत यह है कि पत्नी की गंभीर बीमारी के कारण वह उसे खाट पर लिटाकर बाइक से ही अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर है। भीषण गर्मी और कठिन रास्तों के बीच उसने मजबूरी में बाइक पर खाट बांधकर उसे किसी तरह ढोने का जुगाड़ कर लिया है, जिसे लोग एक तरह की “जुगाड़ एंबुलेंस” भी कह रहे हैं।

गुरुवार को वह अपनी पत्नी को इसी हालत में लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां उसने आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज की गुहार लगाई। भरी दोपहरी में यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गोपाल वर्मा ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

इससे पहले भी इस परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पति अपनी पत्नी को इसी तरह बाइक पर खाट लगाकर अस्पताल ले जाता दिखा था। वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी थी, लेकिन बीमारी के लगातार बढ़ते खर्च और गरीबी के कारण यह मदद पर्याप्त साबित नहीं हुई।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और आर्थिक तंगी की सच्चाई को सामने ला दिया है, जहां एक आम इंसान आज भी अपने परिजनों के इलाज के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KABIRDHAMNEWS DODLANEWS KABIRDHAMBODLANEWS PATNIKOKHATMEBANDHANEWS BIMARPATNINEWS BIMARPATNIKOKHAATMEBANDHKARGHUMAYANEWS ILAJKEBHATAKTARAHAAROPINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER