पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बेजुबान जानवरों पर भी साफ नजर आने लगा है। पानी की तलाश में भटक रही एक गाय सड्डू हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 स्थित एक निर्माणाधीन मकान की पानी टंकी में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक-9 के स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों की सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए निगम की विशेष टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने गाय को सुरक्षित टंकी से बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि गाय को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते उसकी जान बचा ली गई।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने निगम की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण इंसानों के साथ-साथ जानवर भी परेशान हो रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
प्रशासन से अपील की जा रही है कि गर्मी के इस मौसम में जगह-जगह पानी की व्यवस्था की जाए, ताकि बेजुबान जानवरों को राहत मिल सके।

User 1









