पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले बदमाश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मरादेव मंदिर, गौरव पथ के पास अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सौरभ सोनी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी निर्मित पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने जब उससे हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 84/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में उसके खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 भादवि तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुए थे। वर्ष 2022 में भी आर्म्स एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं, जबकि 2024 में भी धारा 294, 323, 506, 427, 452, 34 भादवि सहित आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि जिले में गुंडा-बदमाशों और निगरानी शुदा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

User 1













