पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के नगरी इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल में एक युवक और युवती की लाश आम के पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। घटना सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुआबहारा के आश्रित गांव गेंदाभरी के जंगल की है। मौके के पास से कीटनाशक दवा की शीशी भी बरामद हुई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
मृतक युवक उमरगांव छिंदीटोला का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती महुआबहारा गांव की निवासी थी। दोनों के बीच पहले से पहचान होने की बात सामने आई है। सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक दवा की शीशी बरामद की है। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि दोनों ने पहले जहरीला पदार्थ पिया और उसके बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रही है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच नजदीकी थी, लेकिन किन परिस्थितियों में दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
फिलहाल पुलिस दोनों के परिवार वालों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

User 1












