पब्लिक स्वर,नारायणपुर। नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत जाटलुर में जंगल में लगी आग ने एक किसान की जिंदगी को गहरे संकट में डाल दिया है। इस आगजनी में किसान कुंद्रा राम गोटा का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते उनका आशियाना राख में तब्दील हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुंद्रा राम गोटा का खेत गांव से करीब 4-5 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में स्थित है, जहां उन्होंने अपना घर बना रखा था। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल में आग लगा दी गई थी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए उनके खेत और घर तक पहुंच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा कोई भी सामान नहीं बचाया जा सका।
इस आगजनी में किसान का भारी नुकसान हुआ है। घर में रखा धान, कोसरा, कपड़े, बर्तन सहित करीब 55,300 रुपये नगद भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। यह राशि और अनाज ही उनके परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा था। अब हालात ऐसे हैं कि किसान के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में लगी आग को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया, जिसके कारण यह बड़ा नुकसान हुआ। यदि समय पर कार्रवाई की जाती, तो आग को फैलने से रोका जा सकता था और किसान का घर बचाया जा सकता था।
पीड़ित किसान ने इस संबंध में तहसीलदार को आवेदन देकर उचित मुआवजे की मांग की है। कुंद्रा राम गोटा ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि उनकी पूरी जमा-पूंजी इस आग में खत्म हो चुकी है और अब उनके पास जीवनयापन का कोई साधन नहीं बचा है। उन्होंने जल्द से जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वह फिर से अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
यह घटना एक बार फिर जंगलों में लगने वाली आग और उसके नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। हर साल गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के अभाव में इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी राहत पहुंचाता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।

User 1













