पब्लिक स्वर,दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के रुआबांधा स्थित HSCL कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच चल रहा पुराना विवाद रविवार को हिंसक घटना में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोग जबरन एक घर में घुस आए और वहां मौजूद महिला व उसकी बेटी के साथ मारपीट की, साथ ही युवती को जबरन जहर पिलाने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पीड़िता के अनुसार, तीन महिलाएं और तीन युवक उनके घर में घुसे और मां-बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान युवती रेणु कुमारी को कथित तौर पर जहर पिलाने का प्रयास किया गया, जबकि उसकी मां को भी गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही दुष्कर्म की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
घटना के दौरान आरोपियों द्वारा घर में तोड़फोड़ करने, मोबाइल फोन नुकसान पहुंचाने और नगदी व दस्तावेज ले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे बढ़कर इस हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है।
भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि इस मामले में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें से दो मामले दूसरे पक्ष द्वारा रेणु चौधरी और उनकी मां के खिलाफ दर्ज कराए गए हैं, जबकि तीसरी एफआईआर रेणु चौधरी की शिकायत पर दर्ज हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस फिलहाल साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है। मामले में आरोप-प्रत्यारोप के बीच जांच का दायरा बढ़ाया गया है, ताकि यह तय किया जा सके कि घटना की शुरुआत किस पक्ष से हुई और किन धाराओं में आगे की कार्रवाई बनती है।

User 1













