पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। काशीराम नगर इलाके में हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोरियाखुर्द निवासी अरशद किसी काम से काशीराम नगर आया हुआ था। इसी दौरान उसका सामना काशीराम नगर निवासी बलजीत और उसके साथियों से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो आमने-सामने आने पर फिर भड़क गया। कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई।

घटना के दौरान आरोपियों—बलजीत, बॉबी, दश चंद्राकर और अन्य—ने अरशद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAIPURTELIBANDHANEWS PURANIRANJISHMECHAKUSEHAMLANEWS YUVAKPARCHAKUSEVAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER