पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पकड़ा गया है। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने डीडी नगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दबिश देकर सट्टा संचालित कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया।
डीडी नगर थाना क्षेत्र से अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को पकड़ा गया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी www.onebet9.com नाम की वेबसाइट के जरिए क्रिकेट मैच पर दांव लगवा रहे थे और ऑनलाइन माध्यम से पैसे का लेन-देन कर रहे थे।
वहीं तेलीबांधा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा को गिरफ्तार किया। ये आरोपी JMD777 नाम की आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे और खिलाड़ियों व मैच के अलग-अलग पहलुओं पर दांव लगवा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए हैं। बरामद सामग्री के आधार पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क लगातार तकनीक के जरिए फैल रहा है और बड़े क्रिकेट मैचों के दौरान इसकी गतिविधियां तेजी से बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट-2022 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है।

User 1











