पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में प्रेमी जोड़े की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह ग्राम एडूकला के जंगल में युवक और युवती की लाश एक ही फंदे से पेड़ पर लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान भुंडीबाहरी निवासी रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और शादी की इच्छा से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक और युवती पर पड़ी। दोनों एक ही फंदे से झूल रहे थे। यह दृश्य देखकर ग्रामीण घबरा गए और तुरंत छाल पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि रामकुमार अगरिया किसी कंपनी में मजदूरी करता था और वह परमेश्वरी अगरिया से शादी करना चाहता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक दबाव, सामाजिक बाधाएं या कोई अन्य कारण तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

User 1










