पब्लिक स्वर,रायपुर/भिलाई/राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ के कई शहरों में आक्रोश फैल गया है। रायपुर, भिलाई और राजनांदगांव में रविवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामला भिलाई के वैशाली नगर का है, जहां रहने वाली अनामिका उपाध्याय पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर डॉ. अंबेडकर के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो पोस्ट किया। वीडियो वायरल होते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
रविवार को रायपुर में भारतीय बौद्ध महासभा के पदाधिकारी सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसी तरह भिलाई में बड़ी संख्या में लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं भी थाने के भीतर पहुंच गईं, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। राजनांदगांव में भी लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि युवती लगातार सोशल मीडिया पर एक विशेष समाज को निशाना बनाकर वीडियो बना रही थी और इस बार उसने बाबा साहेब के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस घटना को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई।
बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह का तनाव न बढ़े।

User 1

.jpg)









