महुआ बीनने गई वृद्धा पर भालू ने किया हमला, हालत गंभीर



post

पब्लिक स्वर,बलरामपुर। बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां भालू के हमले में एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना शनिवार सुबह सीतारामपुर पारा के पास की है, जब महिला रोजमर्रा की तरह जंगल में महुआ बीनने गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमपानी, सीतारामपुर निवासी रमुनिया (75) 18 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे भालूकाठा इलाके में महुआ संग्रह कर रही थीं। इसी दौरान एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ अचानक वहां पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि शावकों के साथ होने के कारण भालू आक्रामक हो गई और उसने रमुनिया पर हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के समय महिला के साथ मौजूद अन्य ग्रामीण स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जान बचाकर मौके से भाग निकले और गांव पहुंचकर इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, जिस पर टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डिप्टी रेंजर शिवप्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALRAMPURNEWS PASTANEWS BALRAMPURPASTANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER