कोंडागांव में यूरिया की कालाबाजारी पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 1060 बोरी यूरिया जब्त



post

पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में उप संचालक कृषि कैलाश मरकाम के नेतृत्व में सोनाबाल स्थित आदिम जाति सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। समिति में एक ही मशीन के माध्यम से बिक्री की जा रही थी, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए। साथ ही किसानों को वितरित किए जा रहे खाद की गुणवत्ता में भी अंतर पाया गया। दुकान में न तो निर्धारित दर सूची प्रदर्शित थी और न ही आवश्यक रजिस्टर संधारित किए गए थे। इसके अलावा, किसानों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में भी लापरवाही बरती जा रही थी। इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए समिति को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

दूसरी ओर, बड़ेराजपुर विकासखंड के गम्हरी गांव स्थित साधु कृषि सेवा केंद्र की जांच में बड़ा मामला सामने आया। यहां 1060 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया। उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को तत्काल जब्त कर लिया गया है। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर उसका लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि किसानों को सही दाम पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और दवाइयां उपलब्ध हो सकें।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KONDAGAONNEWS BASTARNEWS BASTARKONDAGAONNEWS UREAKIKALABAJARINEWS 1060BORIUREAJABTNEWS UREAKIKALABAJARIPARKARRVAINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER