पब्लिक स्वर,कोरबा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिले कोरबा से एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक राखड़ (फ्लाई ऐश) डैम के फटने से अफरा-तफरी मच गई। डैम टूटते ही राख और मलबे का तेज बहाव आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिसकी चपेट में आकर एक JCB ऑपरेटर दब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डैम के टूटते ही राख और गाद का सैलाब अचानक तेजी से बाहर निकला, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि JCB मशीन के साथ ऑपरेटर भी मलबे में दब गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि उद्योगों द्वारा सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय निवासियों और श्रमिकों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर इतने बड़े डैम की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे हो सकती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित निगरानी और रखरखाव किया जाता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
प्रशासन और संबंधित कंपनी के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

User 1

.jpg)









