पब्लिक स्वर,अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। ट्रांसपोर्ट नगर बहेरापारा में बीती रात मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब बेटे ने टांगी के पासे से पिता के सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को पानी की टंकी में छिपा दिया और खुद घर में सो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50 वर्ष) अपने अलग मकान में रहते थे। उनके घर के पास ही किराए के मकान में उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25 वर्ष) रहता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में पिता के घर पहुंचा। नशे की हालत देख पिता पारस केरकेट्टा ने उसे डांटा और नाराजगी जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि प्रभात ने घर में रखी टांगी निकाल ली और उसके पिछले हिस्से (पासे) से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पारस की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव टंकी में छिपाया, फिर खाई बिरयानी
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश की। उसने पिता के शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह पास की दुकान पर गया, बिरयानी खाई और फिर घर लौटकर कंबल ओढ़कर सो गया। यह व्यवहार घटना की क्रूरता और मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पड़ोसियों ने देखी थी बहस, पुलिस को दी सूचना
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र के बीच विवाद होते देखा था। कुछ देर बाद पारस केरकेट्टा के नहीं दिखने पर और शंका होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात केरकेट्टा को घर से ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना गुस्से में “बाय मिस्टेक” हो गई।
टंकी से निकाला गया शव, फॉरेंसिक जांच शुरू
मंगलवार सुबह थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पानी की टंकी से शव को बाहर निकलवाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जांच में पारस केरकेट्टा के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। थाना प्रभारी सीपी तिवारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में मामला शराब पीने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समाज के लिए चेतावनी
यह घटना न सिर्फ एक परिवार के टूटने की कहानी है, बल्कि नशे की प्रवृत्ति और घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों की भी चेतावनी है। मामूली बहस कब जानलेवा बन जाए, इसका यह दर्दनाक उदाहरण है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और परिस्थितियों की और स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

User 1









