पब्लिक स्वर,सूरजपुर। सूरजपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब रामानुजनगर के एसडीएम अजय माडियम की सरकारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुई।
घटना उस समय की है जब एसडीएम अजय माडियम रामानुजनगर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। देवनगर गांव के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के दौरान वाहन चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार सीधे सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस दुर्घटना में एसडीएम अजय माडियम, दो आरक्षक और वाहन चालक को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर मौके पर पहुंचे और अपनी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

User 1











