पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के गीतांजलि नगर इलाके में रहने वाले एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के साथ 50 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। कारोबारी का ही ड्रायवर कैश से भरी कार लेकर फरार हो गया। शिकायत के बाद खम्हारडीह पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।पुलिस के मुताबिक पीड़ित कारोबारी उमेश प्रसाद, गीतांजलि नगर में रहते हैं और कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। 25 अप्रैल को उन्होंने अपने अकाउंटेंट और ड्रायवर कृष्णा साहू को 50 लाख रुपये कैश देकर घर पहुंचाने के लिए भेजा था। दोनों कार (CG 04 QG 6633) से निकले, लेकिन रास्ते में ही ड्रायवर ने प्लान के तहत वारदात को अंजाम दे दिया।
खम्हारडीह थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित एक पान ठेले के पास ड्रायवर ने अकाउंटेंट को गुटखा लाने के लिए नीचे उतारा। जैसे ही अकाउंटेंट गाड़ी से उतरा, कृष्णा साहू कार लेकर मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि अकाउंटेंट संभल भी नहीं सका। घटना की जानकारी मिलते ही कारोबारी ने अपने रिश्तेदार अखिलेश प्रसाद के जरिए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ड्रायवर के खिलाफ अमानत में खयानत (Criminal Breach of Trust) और धोखाधड़ी (Cheating) की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कृष्णा साहू रायपुर के भाठागांव का रहने वाला है और करीब एक साल से कारोबारी के यहां ड्रायवर के रूप में काम कर रहा था। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है, जिससे पुलिस को आशंका है कि वह शहर छोड़ चुका हो सकता है। पुलिस अब शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही, घटना स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की मूवमेंट का पता लगाया जा सके। इस घटना ने कैश ट्रांजैक्शन और कर्मचारियों पर भरोसे को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इतनी बड़ी रकम को बिना सुरक्षा या डिजिटल ट्रांसफर के भेजना जोखिम भरा साबित हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और रकम बरामद करने की कोशिश जारी है।

User 1










