पब्लिक स्वर,नई दिल्ली/ थाईलैंड के फुकेट (Phuket) से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-379 में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान बम होने की धमकी दी गई। विमान में उस समय कुल 156 यात्री सवार थे।
बम की सूचना मिलते ही विमान को अंडमान सागर के ऊपर कुछ देर तक चक्कर लगाना पड़ा। इसके बाद सुरक्षा एहतियात के तहत फ्लाइट की आपात लैंडिंग Phuket एयरपोर्ट पर कराई गई।
फुकेट एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं और बम निरोधक दस्तों की मौजूदगी में यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। एयर इंडिया और थाईलैंड के स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि "यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।"
बम की धमकी की पुष्टि के लिए फिलहाल विमान की गहन तलाशी ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना के कारण फ्लाइट संचालन में कुछ समय के लिए व्यवधान आया है। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था से दिल्ली लाने की प्रक्रिया चल रही है।

User 1













