पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेन्द्रीपाली गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमी द्वारा शादी से इनकार किए जाने से आहत 19 वर्षीय युवती ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतिका की पहचान कृष्णो कुमारी के रूप में हुई है। वह 12 भाई-बहनों में पांचवें नंबर की थी और अपने बड़ी बहन व जीजा के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि गांव के ही रोशन कुमार (21) से उसकी तीन साल पहले पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और युवक का युवती के घर आना-जाना भी था। दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी।
परिजनों के अनुसार, युवती शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक और उसके परिवार ने इससे इनकार कर दिया। इसी बात से मानसिक रूप से परेशान होकर सोमवार को कृष्णो ने जंगल में जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी बहन को फोन कर इसकी जानकारी दी और किसी तरह घर पहुंची। इसके बाद परिजन उसे तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतिका के पिता साधराम मजदूरी और खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां केवरा बाई अशिक्षित हैं। परिवार में कुल 12 बच्चे थे, जिनमें कृष्णो समेत तीन की मौत हो चुकी है। वर्तमान में परिवार में 9 बच्चे जीवित हैं, जिनमें से 5 की शादी हो चुकी है।
पुलिस जांच में जुटी
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की आगे की जांच के लिए फाइल करतला थाने भेजी जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर युवाओं में भावनात्मक तनाव और पारिवारिक असहमति के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है।

User 1











