पब्लिक स्वर,महासमुंद। महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई, जिसके अंतर्गत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अंतरराज्यीय तस्करी, वित्तीय नेटवर्क और सोर्स-डेस्टिनेशन पॉइंट्स पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आईशर प्रो 2059 वाहन (क्रमांक AP 39 TT 4556) पलसापाली बैरियर की तरफ आ रहा है, जिसमें अवैध गांजा छुपाकर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। प्रारंभिक पूछताछ के बाद जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें लदे केला के बीच 29 बोरियों में गांजा छुपाकर रखा गया था।
पुलिस ने मौके से कुल 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.56 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं। जब्त वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल नईम (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जाकिर नगर क्षेत्र का निवासी है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह तस्करी अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब मामले में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

User 1











