पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक यूट्यूबर बेटी ने अपने ही पिता की गला काटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अशोक कुमार केवट (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक केवट की पत्नी और तीन बेटियां बीते आठ वर्षों से उससे अलग कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में रह रही थीं। पारिवारिक कलह और चरित्र पर शक के चलते सभी अलग रहने लगे थे। 9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे की राशि लेने गांव आई थीं और रात वहीं रुकी हुई थीं।
रात करीब 2 बजे अशोक कुमार और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान पिता ने बेटी को अपशब्द कह दिए, जिससे गुस्से में आकर गीता ने घर में रखे हंसिए से पिता का गला काट दिया। हत्या के बाद गीता खुद घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। जब परिजन घर के अंदर पहुंचे तो अशोक खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा था।
पुलिस जांच में सामने आई बातें: पुलिस के अनुसार मृतक अशोक केवट आदतन शराबी था और पत्नी-बेटियों के चरित्र पर शक करता था। इसी कारण परिवार उससे अलग रह रहा था। पुलिस इसे हत्या के संभावित कारणों में से एक मान रही है। आरोपी गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थी। कुछ दिन पहले उसने एक शिक्षाकर्मी युवक के साथ वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर युवक ने साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
पुलिस की कार्रवाई: हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

User 1










