अभनपुर post authorUser 1 03 April 2026

भरेंगभांठा मर्डर केस में बड़ा खुलासा: प्रेमिका के घर पहुंचने पर 5 आरोपियों ने उतारा मौत के घाट



post

पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में मुरूम गड्ढे में दफन मिले युवक के शव के मामले में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के चलते की गई थी। मामले में एक महिला, दो युवकों और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

मृतक की पहचान माना निवासी 29 वर्षीय नितेश बत्रा के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी थाना माना में दर्ज थी। पुलिस के अनुसार नितेश को पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर अधमरी हालत में अभनपुर क्षेत्र के भरेंगाभाठा और परसुलीडीह के बीच स्थित मुरूम खदान में दफना दिया गया था।

21 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में किसी व्यक्ति का शव दफन है। शव का एक हाथ और एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट मौके पर पहुंची। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की गर्दन पर गंभीर चोट थी और श्वासनली को नुकसान पहुंचा था। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि संभवतः युवक को अधमरी हालत में ही दफना दिया गया था, जिससे मिट्टी उसके नाक और मुंह के जरिए सांस की नली में चली गई और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्या बताई गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच शुरू की। मृतक के कपड़ों, टैटू और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान माना थाना क्षेत्र से लापता नितेश बत्रा के रूप में हुई। परिजनों ने भी शव की पहचान की पुष्टि की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नितेश का नाम सावित्री साहू नाम की युवती से जुड़ा हुआ था। वहीं सावित्री का प्रेम संबंध श्याम सुंदर सोनी से था। पुलिस के मुताबिक 16 मार्च की रात श्याम सुंदर सोनी सावित्री के घर पहुंचा था। उसी दौरान नितेश वहां मौजूद था और सावित्री के घर की तरफ देख रहा था।

इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार श्याम सुंदर ने नितेश से पूछा कि वह वहां क्यों आया है। इस पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि श्याम सुंदर ने पहले बबूल की लकड़ी से नितेश के सिर पर हमला किया। इसके बाद सावित्री भी बाहर आई और उसने कथित तौर पर नितेश को और मारने के लिए उकसाया।

इसके बाद श्याम सुंदर अपने साथियों और दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को ऑटो में लेकर आया। सभी ने मिलकर नितेश के साथ मारपीट की। फिर उसे ऑटो में बैठाकर उसकी स्कूटी के साथ अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। आरोपियों ने पहले उसकी स्कूटी को पुलिया के नीचे फेंका और फिर खोरपा, खट्टी और ढोढ़रा के बीच तालाब के पास ले जाकर उसकी फिर पिटाई की।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नितेश के गले में गमछा फंसाकर खींचा, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद सभी आरोपी उसे अभनपुर क्षेत्र के मुरूम खदान में ले गए और जिंदा या अधमरी हालत में ही दफना दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को पकड़ा है। फरार आरोपी की पहचान माईकल सैनी के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी, ऑटो और अन्य सामान जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी : श्याम सुंदर सोनी, उम्र 21 वर्ष, सुमित कोसले, उम्र 21 वर्ष, सावित्री साहू, उम्र 21 वर्ष विधि के साथ संघर्षरत दो बालक शामिल हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BHARENGABHANTHAMARDARKESHNEWS HARENGAMARDARKESHNEWS PREMIKAKEGHARPAHUCHNEPARHATYANEWS 5AROPIGIRAFTAARNEWS

You might also like!