पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के चिखलाकसा क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चिंताजनक हादसा सामने आया है, जिसने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सेंट्रिंग (shuttering) का काम कर रहे एक मिस्त्री की दो मंजिला इमारत से गिरने के बाद बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान विनोद कुंजाम के रूप में हुई है, जो ठेकेदार के अधीन निर्माण कार्य में लगा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह इमारत की दूसरी मंजिल पर सेंट्रिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश गिरते ही वह पास के बिजली पोल से गुजर रही तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसे करंट लगा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा महज दुर्घटना था या इसमें लापरवाही भी शामिल है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

User 1








