पब्लिक स्वर,कोरबा। शहर के सर्वमंगला फाटक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक ट्रक चालक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी युवक खदान से सटे रास्ते से सर्वमंगला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक खून से लथपथ ट्रैक के पास गिर पड़ा।
घटना के बाद फाटक पर तैनात गेटमैन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायल युवक को अपने वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का प्रयास है या लापरवाहीवश हुआ हादसा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

User 1










