पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संतान न होने और चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने फरार आरोपी पति को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) की शादी करीब 18 वर्ष पहले रंजना यादव (35) से हुई थी। दंपती को अब तक संतान नहीं हुई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसके अलावा पति अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था, जिससे पारिवारिक तनाव और बढ़ गया था।
मेले से लौटने के बाद हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि हाल ही में रंजना यादव अपने मायके ढेलवाडीह मेला देखने गई थी। शनिवार शाम पति भी मेले में पहुंचा और दोनों साथ लौटे। घर पहुंचने के बाद पुरानी बातों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर तुलसी यादव ने फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रंजना जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में महिला की मौत
चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और रंजना को खून से लथपथ हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी तुलसी यादव को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संतान न होना और चरित्र पर संदेह इस हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

User 1










