पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। रायपुर के फायर ब्रिगेड चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बिजली बिलों में राहत की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को खून से लिखी चिट्ठी भेजकर तत्काल राहत देने की अपील की।
विकास उपाध्याय ने कहा कि बिजली बिलों में भारी वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान बिजली बिल हाफ योजना लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उपाध्याय ने यह भी कहा कि बिहार चुनाव के दौरान एनडीए ने मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, जबकि छत्तीसगढ़ में इस पर चर्चा तक नहीं हुई।
कांग्रेस नेताओं ने महतारी वंदन योजना के नाम पर जनता से 1000 रुपए वसूले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह राशि बिजली बिलों के माध्यम से वसूली जा रही है। प्रदर्शन में पंकज शर्मा, कुमार मेनन, आकाश तिवारी, सुंदर जोगी, अशोक ठाकुर, देव कुमार साहू सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
* बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू किया जाए
* 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा किया जाए
* महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग को तुरंत राहत दी जाए
कांग्रेस का कहना है कि यदि सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो विरोध और अधिक तेज किया जाएगा।

User 1












