कार में छिपाकर ले जा रहे थे 112 किलो गांजा, पुलिस ने रास्ते में दबोचा



post

पब्लिक स्वर,जशपुर। जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने 112 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कार के जरिए गांजे की तस्करी कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से दिल्ली ले जाई जा रही थी, जो अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करती है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। इस दौरान एक आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे झाड़ियों में दबोच लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है, ताकि इस अंतरराज्यीय गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।

गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इस सफलता को पुलिस की सक्रियता और खुफिया तंत्र की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और बल मिला है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JASHPURNEWS GANJATASKARINEWS CAARSE112KGGANJAJABTNEWS DOGANJATASKARGIRAFTAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER