पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा में होली कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में मारपीट में बदल गया। घटना दादर स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर की है, जो मानिकपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है। इस झड़प में तीन लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर इलाके के एक भवन में होली इवेंट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद एक गुट के युवक शराब पीने दादर स्थित शराब दुकान पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दूसरा गुट भी वहीं पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बोतल से हमला, CCTV में कैद हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान कुछ युवकों ने एक युवक के सिर पर शराब की खाली बोतल से वार कर दिया। इस झड़प में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूरी घटना चखना सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वहीं, किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
मानिकपुर चौकी पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

User 1










