पब्लिक स्वर,बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में यातायात पुलिस की सतर्कता से गुरुवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। नशे की हालत में बस चला रहे चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बारातियों से भरी बस को जब्त कर लिया। बस में 20 से अधिक बाराती सवार थे, जो मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के भटगांव से अभनपुर क्षेत्र के भाटापारा बेलर लौट रहे थे। गुरुवार रात झलमला चौक में लगाए गए चेक पोस्ट पर यातायात पुलिस जवानों को बस चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब बस को रोककर जांच की गई तो चालक शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद तत्काल बस को जब्त कर बालोद कोतवाली थाने में खड़ा कराया गया।
दो घंटे बाद वैकल्पिक बस से रवाना हुए बाराती
कार्रवाई के दौरान बारातियों ने बस छोड़ने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने वाहन छोड़ने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे बाद बस मालिक ने दूसरे चालक के साथ वैकल्पिक बस भेजी, जिससे सभी बाराती सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे। जानकारी के अनुसार, बाराती मोहला-मानपुर क्षेत्र में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रिसेप्शन कार्यक्रम के दौरान चालक ने शराब का सेवन किया और उसी हालत में बस चलाने लगा, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

User 1















