पब्लिक स्वर/ 2 से 7 नवम्बर 2025 तक सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में इंडस्ट्रीऑल ग्लोबल यूनियन की वर्ल्ड कांग्रेस आयोजित की गई जिसमें 130 देशों के खनन, ऊर्जा, निर्माण, जहाज निर्माण, ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस, वस्त्र और रासायनिक उद्योगों से जुड़ी यूनियनों के प्रतिनिधियों शामिल हुए। इसमें श्रमिक अधिकारों, औद्योगिक एकता और न्यायपूर्ण एवं सतत विकास जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी चार वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। दिनांक 04 नवम्बर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने इंडस्ट्रीऑल ग्लोबल यूनियन वर्ल्ड कांग्रेस को संबोधित करते हुए मज़दूरों की एकजुटता और यूनियन मूल्यों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इंडस्ट्रीऑल महासचिव एटले होए और उनकी टीम को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कांग्रेस इस बात का प्रतीक है कि मज़दूर आंदोलन की भावना सीमाओं से परे है। प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई यूनियनों के योगदान की सराहना की और कहा कि आज की अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों में “वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल वैश्विक एकजुटता से ही संभव है।”
उन्होंने अपने भाषण में सरकार द्वारा किए गए प्रमुख औद्योगिक सुधारों का उल्लेख किया, जैसे Secure Jobs, Better Pay और Same Job, Same Pay कानून, जिनसे लाखों मज़दूरों की आय और सुरक्षा में वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का उद्देश्य यूनियन मूल्यों — न्याय, समानता और गरिमा — को व्यवहार में लाना है। प्रधानमंत्री ने इंडस्ट्रीऑल के उद्देश्यों से समानता दर्शाते हुए कहा कि सरकार और यूनियनें मिलकर ही एक न्यायपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित कर सकती हैं। उन्होंने अपने संबोधन का समापन इन शब्दों में किया — “हमारा मिशन वैश्विक है, हमारे मूल्य सार्वभौमिक हैं और हमारी एकजुटता हमेशा रहेगी – Solidarity Forever.”
वर्ल्ड कांग्रेस में इंडस्ट्रीऑल ग्लोबल यूनियन का नेतृत्व नवनिर्वाचित अध्यक्ष क्रिस्टियाना बैनर और महासचिव एटले होए करेंगे। इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री और इंडियन नेशनल इलेक्ट्रिसिटी वर्कर्स फेडरेशन के महासचिव डॉ. संजय कुमार सिंह व हिन्द मज़दूर सभा के संजय वढावकर को एशिया पेसिफिक क्षेत्र से कार्यकारिणी में चुना गया। कांग्रेस में इंडियन नेशनल इलेक्ट्रिसिटी वर्कर्स फेडरेशन से डॉ. संजय कुमार सिंह, इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन से कुमार जयमंगल व अनुपमा सिंह, इंडियन नेशनल स्टील, मेटल, मेटल माइन एंड इंजीनियरिंग एम्प्लाइज फेडरेशन से आशीष यादव तथा इंडियन नेशनल गारमेंट वर्कर्स फेडरेशन से रुक्मणी वी.पी. शामिल हुए।

User 1














