पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मीरा टॉकीज वार्ड नंबर 7, अंबिकापुर रोड स्थित ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से नीचे जमा कचरे के ढेर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर पास में खड़ी एक कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने लगी और नीचे पड़े कचरे में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर के पास खड़ी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप से आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी।
दुकानों पर मंडराया खतरा
बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के पास आधा दर्जन से अधिक दुकानें स्थित हैं। यदि आग समय पर नहीं बुझती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई दुकानों को नुकसान पहुंच सकता था।
12 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं
घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। हादसे के करीब 12 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था। इस संबंध में नगर पालिका को कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन सफाई नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कचरा हटाया जाता तो यह हादसा नहीं होता। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रांसफार्मर सुधारने का काम शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और ट्रांसफार्मर के आसपास सफाई व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर रखे बिजली उपकरणों की सुरक्षा और नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

User 1










