पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे, जिससे इसे पार्टी की एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।
नामांकन दाखिल करते समय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक उमेश पटेल सहित कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने नेताम के नामांकन को लेकर पार्टी की मजबूती और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।
दरअसल छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से एक सीट पर फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जबकि दूसरी सीट पर वरिष्ठ अधिवक्ता और सांसद के.टी.एस. तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा हो रहा है। इन दोनों सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
कांग्रेस ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए फूलोदेवी नेताम को ही उम्मीदवार बनाया है। पार्टी का मानना है कि आदिवासी समाज और महिला नेतृत्व के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए नेताम का अनुभव और राजनीतिक सक्रियता पार्टी के लिए अहम रहेगी।
फूलोदेवी नेताम वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय हैं। राज्यसभा में उनके दोबारा पहुंचने की स्थिति में कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी और महिला मुद्दों को उठाने में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन के साथ ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में अन्य दलों की रणनीति भी साफ होने की संभावना है।

User 1









