धमतरी post authorUser 1 01 March 2026

होली पर हुड़दंग की कोशिश पड़ेगी भारी, पुलिस ने बदमाशों को दी अंतिम चेतावनी



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस लाइन रूद्री में जिले के 35 निगरानीशुदा और आदतन बदमाशों की विशेष परेड कराई गई। सभी को स्पष्ट चेतावनी देते हुए शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक व्यक्ति से अलग-अलग चर्चा कर समझाइश दी कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली के समय मारपीट, चाकूबाजी, अड्डेबाजी, जबरन वसूली या अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर तुरंत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि यह अभियान जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। सभी थाना क्षेत्रों से चिन्हित निगरानी बदमाशों को बुलाकर हिदायत दी गई है कि वे समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाएं।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जिनका व्यवहार लगातार संतोषजनक रहेगा, उन्हें भविष्य में माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। वहीं, आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं और माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजने की चेतावनी भी दी गई है।

जिले के उभरते असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी करने वालों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर नियमित पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित और निश्चिंत होकर होली का त्योहार मना सकें।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS BAFMASHOKIPAREDNEWS HOLIPARHUDDANGPADEGABHARINEWS HUDDANDKIKOSHISHOADEGIBHARINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER