लापरवाही का खौफनाक नतीजा: क्रशर प्लांट के गड्ढे में डूबा 13 साल का बच्चा



post

पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नागलु सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 13 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्त को बचाने के लिए पानी में उतरा था, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण वह खुद ही डूब गया।

मृतक की पहचान आदर्श वाघमारिया (13) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, होली के दिन आदर्श अपने कुछ दोस्तों के साथ क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका एक साथी अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख आदर्श उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गया। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। हालांकि, जिस दोस्त को बचाने के लिए वह पानी में उतरा था, वह सुरक्षित बच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ देर की तलाश के बाद बच्चे का शव पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नागलु सड़क किनारे स्थित यह क्रशर प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है और उसके गड्ढे में काफी समय से पानी भरा हुआ है। यह जगह आसपास के बच्चों के लिए खतरनाक बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद यहां किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DANTEVADANEWS GEEDAMNEWS DANTEVADAGEEDAMNEWS KRASARPLANTKEGADDHEMEDUBAKISORNEWS KRASARPLANTNEWS BANDPADACRASHARPLANTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER