पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मोहेरा गांव के पास स्थित मोहेरा पुल के नीचे नदी में तेज बहाव के बीच दो बच्चे बहने लगे। मौके पर मौजूद महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों की जान बचा ली। राहत की बात यह है कि दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस पूरी घटना का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को दो बच्चे मोहेरा गांव के पास नदी किनारे नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में दोनों अपना संतुलन खो बैठे और बहने लगे। बच्चों को बहता देख आसपास मौजूद महिलाओं ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिलाओं की तत्परता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग महिलाओं की सराहना कर रहे हैं। वीडियो में बच्चों को तेज बहाव से बाहर निकालने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।
बारिश के मौसम में नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है, जिससे कई स्थानों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और पुलों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा बच्चों को अकेले पानी के पास न जाने दें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

User 1













