Header Ad


अभनपुर post authorUser 1 24 August 2026

अभनपुर में झाड़-फूंक के बहाने महिला से दुष्कर्म, नौकरी के नाम पर 44 लाख से ज्यादा ठगे



post

पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के जरिए इलाज करने का दावा कर एक महिला से दुष्कर्म और सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि मध्य प्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी ने वर्ष 2019 में उसे CMO पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग समय में कुल 44 लाख 42 हजार रुपये ले लिए। महिला ने आरोपी पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है। करीब सात साल बाद पीड़िता ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिरदर्द के इलाज के दौरान हुई थी आरोपी से पहचान

पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2019 में वह सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी पहचान सागर निवासी आशाराम चौधरी से हुई। आरोपी कथित तौर पर झाड़-फूंक के जरिए इलाज करने का दावा करता था। उस समय महिला CMO पद की परीक्षा देने की तैयारी कर रही थी।

आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाकर आशाराम ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसकी सरकारी नौकरी लगवा सकता है। उसने CMO पद पर नियुक्ति कराने का दावा किया और महिला से संपर्क बनाए रखा।

नौकरी का झांसा देकर 44.42 लाख रुपये लेने का आरोप

महिला का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उससे अलग-अलग समय में रकम ली। कुल मिलाकर उसने 44 लाख 42 हजार रुपये दिए। पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। रकम लेने के बाद आरोपी कथित तौर पर लगातार पैसे वापस करने और नौकरी लगवाने का भरोसा देता रहा। इसी उम्मीद में महिला ने तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं की और लंबे समय तक आरोपी के रुपए लौटाने का इंतजार करती रही। लेकिन न नौकरी लगी और न ही रकम वापस मिली।

सात साल बाद थाने पहुंची पीड़िता

लगातार इंतजार के बाद पीड़िता ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सागर निवासी आशाराम चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। जांच में कथित तौर पर हुए 44.42 लाख रुपये के लेन-देन, नौकरी लगाने के दावे और महिला द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS,ABHANPUR NEWS, RAIPUR ABHANPUR NEWS, JHAD FUK KE BAHANE MAHILA SE DUSKARM NEWS, NAUKRI LAGANE KE BAHANE LAKHON KI THAGI NEWS, MAHILA SE 44.42 LAKH KI THAGI NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER