राजनीति
बिजली व्यवस्था ठप कर टावर से वायर चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र में बिजली लाइन को नुकसान पहुंचाकर एल्युमिनियम कंडक्टर वायर चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरों ने पहले चालू बिजली लाइन के पांच खंभों पर हथौड़े से वार कर शॉर्ट सर्किट किया और बिजली सप्लाई बंद होने के बाद बिजली टावर गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर काटकर ले गए। घटना के बाद इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 65 हजार रुपए कीमत का चोरी का वायर बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात 4 और 5 सितंबर की दरम्यानी रात की है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को अंबेडकर चौक, भदरापारा से बालको के आगे CSEB की ओर जाने वाले मार्ग पर बिजली का टावर गिरा हुआ मिला। जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात लोगों ने टावर को गिराकर उससे जुड़े एल्युमिनियम कंडक्टर वायर काट लिए थे।
चालू लाइन के खंभों पर हथौड़े से किया वार
जांच में पता चला कि आरोपियों ने वारदात से पहले चालू बिजली लाइन के पांच खंभों पर हथौड़े से हमला किया था। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद आरोपियों ने बिजली टावर गिराया और उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर काटकर चोरी कर लिया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद बालको नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी युवराज तिवारी के निर्देशन में एएसआई अजय सिंह और पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
चोरी का माल बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बिजली टावर गिराकर वायर चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर करीब 65 हजार रुपए कीमत का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी किए गए वायर को बेचने की कोशिश में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन टंडन (25) और वासु साण्डे उर्फ चिंटू (18 वर्ष 8 महीने) के रूप में हुई है। दोनों बालको नगर के अंबेडकर चौक, भदरापारा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136, 139, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा BNS की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले में चोरी के तरीके, नुकसान और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।