पब्लिक स्वर,बिलासपुर। मानसून ने बिलासपुर में गुरुवार को जोरदार दस्तक देते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। दिनभर उमस और बादलों के बीच शुरू हुई बारिश शाम होते-होते मूसलाधार बरसात में बदल गई। रातभर हुई लगातार बारिश से शहर के कई प्रमुख मार्ग, कॉलोनियां और निचले इलाके जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर सड़क और नाले का अंतर मिट गया, जिससे आमजन, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कलेक्टर के सरकारी बंगले में भी पानी भर गया, जहां नगर निगम की टीम देर रात तक जल निकासी में जुटी रही। दूसरी ओर, सरकंडा के बंधवापारा क्षेत्र में जलभराव के कारण कई लोग घरों में फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए SDRF की टीम दो नावों के जरिए लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
शहर के कई इलाके जलमग्न, घरों में घुसा पानी
रातभर हुई बारिश का सबसे अधिक असर शहर के निचले इलाकों में देखने को मिला। श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार कॉलोनी, मित्र विहार, बंधवापारा, जोरापारा, शिवम होम्स, तालापारा और अन्य रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हो गया और जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्य सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा। कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित
लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जलभराव के कारण कई ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए, जिससे लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। कई इलाकों में देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
निगम के दावों पर उठे सवाल
बारिश से कुछ दिन पहले नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर दावा किया था कि नालों और नालियों की सफाई तथा जल निकासी की व्यवस्था बेहतर है और बड़े स्तर पर जलभराव की आशंका नहीं है।
निरीक्षण के दौरान चौबे कॉलोनी, जोरापारा, बंधवापारा, मंगला, अभिषेक विहार, गंगानगर, हंसा विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग, तालापारा और भारती नगर समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया गया था। निगम का कहना था कि वर्षा जल का प्रवाह सुचारु है, लेकिन गुरुवार रात की बारिश ने इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जिन क्षेत्रों को सुरक्षित बताया गया था, वहीं सबसे अधिक जलभराव देखने को मिला।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को भी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

User 1









