पब्लिक स्वर,धमतरी/ग्राउंड रिपोर्ट। धमतरी जिले के ग्राम अटंग में शासकीय नवीन प्राथमिक शाला का जर्जर भवन ग्रामीणों और अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बन गया है। भवन की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और शाला प्रबंधन समिति ने कलेक्टर धमतरी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नए स्कूल भवन के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) धमतरी और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुरूद को भी सौंपी गई है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि स्कूल भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। भवन की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी हैं तथा बारिश के दौरान कक्षाओं में पानी टपकने से पढ़ाई बाधित होती है। अभिभावकों का कहना है कि असुरक्षित माहौल के कारण बच्चे भय के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर पूर्व में भी संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक नए भवन की स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक सप्ताह के भीतर नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति और बजट उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे स्कूल भवन में तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने या कानून-व्यवस्था संबंधी कोई स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.

User 1













