राजनीति
PM मोदी के समर्थन में विजय शर्मा का अनोखा अंदाज, सोशल मीडिया पर छाया ‘Broooo!’
पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा का सोशल मीडिया पर एक अलग अंदाज देखने को मिला है। अपने राजनीतिक बयानों और गंभीर मुद्दों पर बेबाकी से राय रखने वाले विजय शर्मा इस बार युवाओं की लोकप्रिय Gen-Z भाषा में नजर आए। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा— “मोदी कहीं नहीं जाएगा, Broooo!” उनका यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से की जा रही राजनीतिक टिप्पणियों के बीच विजय शर्मा ने इस छोटे लेकिन चर्चित अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके पोस्ट में इस्तेमाल किया गया "Broooo" शब्द खासतौर पर युवाओं के बीच प्रचलित बोलचाल की भाषा से जुड़ा है।
विजय शर्मा के इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। कई लोग उनके इस अंदाज को Gen-Z स्टाइल से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर चर्चा हो रही है।
आमतौर पर पारंपरिक राजनीतिक भाषा में बयान देने वाले नेताओं के बीच विजय शर्मा का यह अनौपचारिक अंदाज सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के बदलते स्वरूप को भी दर्शाता है। राजनीतिक दल अब युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के नए ट्रेंड और लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
फिलहाल विजय शर्मा का “मोदी कहीं नहीं जाएगा, Broooo!” वाला पोस्ट इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा का नया विषय बन गया है।