पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 2 सितंबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर का तीसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा उर्वरक एवं रसायन राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी।
जानकारी के मुताबिक, एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति को एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उपराष्ट्रपति ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।
दीक्षांत समारोह में एम्स रायपुर के विभिन्न पाठ्यक्रमों से शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों को डिग्री और उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में संस्थान के शैक्षणिक विकास, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
अंडमान दौरे पर उपराष्ट्रपति ने किया स्वतंत्रता सेनानियों को नमन
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इन दिनों 8 और 9 अगस्त को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने श्री विजय पुरम स्थित सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक पहुंचकर शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त किया और वीर सावरकर की कोठरी का भी दौरा किया।
उपराष्ट्रपति ने स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में भी हिस्सा लिया। रविवार को उन्होंने श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर तिरंगा फहराकर "हर घर तिरंगा" अभियान की शुरुआत की।
"भारत छोड़ो आंदोलन" के शहीदों को किया याद
9 अगस्त को मनाए जाने वाले "भारत छोड़ो दिवस" या "अगस्त क्रांति दिवस" के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के "करो या मरो" के आह्वान से प्रेरित होकर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी की लड़ाई में एकजुट किया। उनका साहस, बलिदान और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
अंडमान दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति राज्य स्तरीय "वंदे मातरम पर तिरंगा कॉन्सर्ट" में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा करेंगे। अब सितंबर में रायपुर में होने वाले एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति की प्रस्तावित मौजूदगी को लेकर तैयारियां तेज होने की उम्मीद है।

User 1












