Header Ad


रायपुर पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को अपने निर्धारित दौरे पर रायपुर पहुंचे। विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना हुए, जहां वे संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वे AIIMS के लिए रवाना हुए और करीब 10:45 बजे परिसर पहुंचने का कार्यक्रम था। सुबह 11 बजे से तीसरे दीक्षांत समारोह की शुरुआत होगी। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

ये प्रमुख लोग रहेंगे मौजूद

दीक्षांत समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, AIIMS अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के PMSY डायरेक्टर सचिन कुमार विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सरोना से टाटीबंध तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

AIIMS आने वाले मरीजों के लिए गेट व्यवस्था बदली

VIP दौरे का असर AIIMS आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही पर भी पड़ा है। 2 सितंबर की सुबह से गेट नंबर-4 को आम नागरिकों के लिए बंद रखा गया है। पहले मरीज इसी गेट से रजिस्ट्रेशन काउंटर की ओर जाते थे।

नियमित OPD में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गेट नंबर-1 से प्रवेश करना होगा। मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-3 से भी OPD के लिए आवाजाही कर सकेंगे। हालांकि गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण वहां से रजिस्ट्रेशन काउंटर तक मरीजों को पैदल दूरी तय करनी पड़ेगी।

वहीं ट्रामा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए गेट नंबर-2 का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रहेगा। गेट नंबर-5 भी VIP मूवमेंट के चलते आम नागरिकों के लिए बंद रहेगा।

दोपहर में दिल्ली रवाना होंगे उपराष्ट्रपति

AIIMS के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद लगभग 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, UP RASTRIYPATI CP RADHAKRISHN NEWS, RAIPUR PAHUNCHE UP RASTRIYPATI CP RADHAKRISHN NEWS,

You might also like!


RAIPUR WEATHER