Header Ad


निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई के दौरान करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से हो गया। तेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

भूपेंद्र को बचाने के लिए उसका साथी रवि बंजारे दौड़कर पहुंचा, लेकिन वह भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट का झटका इतना तेज था कि एक मजदूर नीचे गिर पड़ा, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं। जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के बीच पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BILASPUR NEWS, SIVIL LAINE THANA NEWS, BILASPUR SIVIL LAINE THANA NEWS, NIRMANDHIN MAKAN NEWS, NIRMANDHIN MAKAN ME DIVAR JODAI KE DAURAN KARANT KI CHAPET ME AYE DO MAJDUR NEWS, KARANT KI CHAPET ME ANE SE DO MAJDURON KI MAUT NEWS

You might also like!