पब्लिक स्वर,धमतरी। एसपी धमतरी के निर्देश पर नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने सुन्दरगंज वार्ड के डागा धर्मशाला के पास हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करते दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद शाहिर खत्री (21 वर्ष) और मंदीप सिंह (32 वर्ष) हैं, जो दोनों सुन्दरगंज वार्ड, धमतरी के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से 2.4 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत लगभग 48 हजार रुपये, बरामद की। इसके साथ ही सिल्वर फॉयल, 30 रुपये नगद, एक लाईटर और दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 68,030 रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी, अपराध क्रमांक 315/25, धारा 21 (ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई तीन दिन पहले पकड़े गए आरोपियों – नरेन्द्र उर्फ निखिल निर्मलकर और खिलेश उर्फ सोनू देवांगन – से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई। पिछली कार्रवाई में पुलिस ने 1.5 ग्राम हेरोइन, बिक्री रकम, दो मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल करीब 48 हजार रुपये का माल जब्त किया था।
एसपी धमतरी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

User 1














