ट्रक चालक ने 13 लाख की लूट की दी सूचना, बयान में विरोधाभास से मामला संदिग्ध



post

पब्लिक स्वर,जशपुर। जशपुर जिले में एक ट्रक चालक ने 13 लाख रुपये लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उसके बयान में कई विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।


कैसे हुई कथित लूट

जानकारी के अनुसार, ट्रक CG14-MT-6190 रांची से माल खाली कर आलू लोड करने के बाद जशपुर की ओर लौट रहा था। चालक ने बताया कि उसके पास रांची के माल का 13 लाख रुपये भी थे। सुबह करीब 6 बजे बालाछापर के पास वह लघुशंका के लिए ट्रक रोककर उतरा, तभी एक चारपहिया वाहन में आए चार अज्ञात लोगों ने उसके हाथ–पैर बांधकर मारपीट की और पैसे व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बाद में चालक का मोबाइल डोडकचौरा ढाबा के पास मिला।


जांच में क्यों उठा शक

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल करवाया। जांच के दौरान कई बातें संदिग्ध मिलीं—

चालक ने हाथ-पैर बांधने की बात कही, लेकिन शरीर पर बांधने के निशान नहीं मिले।

उसने बताया कि डंडे और पत्थर से चोट पहुंचाई गई, जबकि मेडिकल में कोई चोट नहीं पाई गई।

चालक के अनुसार उसे जमीन पर गिराया गया था, लेकिन उसके कपड़े गीले नहीं थे और न ही घासफूस चिपका था, जबकि सुबह ओस पड़ रही थी।

बयान में भी वह हाथ आगे बांधने और पीछे बांधने की बात अलग-अलग बताता रहा। 

पुलिस के अनुसार, ये सभी बातें घटना की सच्चाई पर सवाल खड़े करती हैं।


पुलिस की कार्रवाई

जशपुर पुलिस की साइबर टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कुछ टीमें झारखंड की ओर भी रवाना की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस पेशेवर तरीके से हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि यदि लूट वास्तव में हुई है, तो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने प्रयास जारी हैं, वहीं चालक के विरोधाभासी बयानों को भी गंभीरता से जांचा जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS JASHPURNEWS TRAKCHALAKNEDILOOTKISUCHANANEWS 13LAKHKILOOTNEWS RAIVARPARSHAKNEWS MAMALASANDIGDHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER