पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में 8 और 9 अगस्त को तीसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। द गतका एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता माता सुंदरी खालसा स्कूल, पुराना बस स्टैंड, पंडरी में होगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों से करीब 330 महिला और पुरुष खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के चेयरमैन एवं राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) अमरजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि गतका सिखों की पारंपरिक युद्ध कला है, जो केवल एक खेल नहीं बल्कि साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस खेल के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परखा जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है, ताकि प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
एसोसिएशन ने खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजन से प्रदेश में गतका खेल को नई पहचान मिलने के साथ-साथ युवाओं में आत्मरक्षा और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

User 1









